मुम्बई । वैश्विक स्तर पर चौतरफा तेजी के बीच कुछ बडी कंपनियों के मुनाफे में गिरावट आने और भारतीय रिजर्व बैंक की नीतिगत दरों में वृद्धि किए जाने की संभावना से भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट रही। दलाल स्ट्रीट लगातार तीन सत्रों में तेजी के बाद सोमवार को गिरावट में रही।
कार बनाने वाली सबसे बडी कंपनी मारूति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, इंडियन बैंक, डीएलएफ और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों में मुनाफा वसूली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी पिछले तीन कारोबारी
दिवस की बढत बनाए रखने में असफल रहा।
सेंसेक्स 110.93 अंक फिसलकर 18020.05 अंक पर और निफ्टी 30.50 अंक लुढक कर 5418.60 अंक पर रहा। रिजर्व बैंक मंगलवार को मौद्रिक नीति की पहली तिमाही समीक्षा कर रहा है और बढती मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उसके अल्पकालिक दरों रेपो और रिवर्स रेपो में एक चौथाई प्रतिशत की वृद्धि किए जाने की उम्मीद है। रिजर्व बैंक ने इस महीने के प्रारंभ में इन दोनों में एक चौथाई प्रतिशत की वृद्धि की थी।
बैंकरों द्वारा इस तरह की संभावना जताए जाने से बैंकिंग समूह पर भी दबाव देखा गया। बीएसई के सेंसेक्स ने 74.74 अंकों की गिरावट के साथ 18056.24 अंक पर कारोबार की शुरूआत की। आखिर में पिछले कारोबारी दिवस के 18130.98 अंक की तुलना में यह 110.93 अंक की गिरावट के साथ 18020.05 अंक पर रहा। एनएसई के निफ्टी ने करीब तीन अंकों की गिरावट के साथ 5446.55 अंक पर कारोबार शुरू किया। अंत में 5449.10 अंक की तुलना में 30.50 अंक गिरकर 5418.60 अंक पर बंद हुआ।
12 फीसदी लुढके मारूति के शेयर
मुंबई। सोमवार को दो बडी ऑटो कंपनियों के शेयरों की जमकर पिटाई हुई है। देश की सबसे बडी कार कंपनी मारूति का मुनाफा बीस फीसदी घटने से शेयर 12 फीसदी से ज्यादा गिरा है जबकि हीरो होंडा के शेयरों में करीब आठ फीसदी गिरावट आई है। वहीं दिग्गज ब्रोकिंग हाऊसेस ने भी मारूति की रेटिंग और लक्ष्य को संशोधित करते हुए इसके शेयरों को गिराने में अहम भूमिका निभाई है। दोपहिया गाडियों का निर्माण करने वाली हीरो होंडा की हालत शेयर बाजारों के लिहाज से काफी पस्त रहा है।