मुम्बई । कमजोर वैश्विक रूख के बीच ओएनजीसी और हीरो होंडा की तिमाही आय में गिरावट के बाद संस्थागत निवेशकाें की बिकवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 124 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। पिछले सत्र में 35 अंक की बढत के साथ बंद होने वाला सेंसेक्स 123.71 अंक की गिरावट के साथ 18,000 अंक से नीचे चला गया और 17,868.29 अंक पर बंद हुआ। तीन साल में पहली बार हीरो होंडा के लाभ में 1. 68 प्रतिशत और ओएनजीसी के तिमाही लाभ में 25 प्रतिशत की गिरावट से बाजार की धारणा कमजोर हो गई।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41.30 अंक की गिरावट के साथ 5,367.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह दिन के निचले स्तर 5,349.20 अंक पर आ गया था। अन्य एशियाई बाजारों में कमजोर रूख और यूरोपीय बाजारों के नरमी के साथ खुलने से बाजार में बिकवाली दबाव बढ गया।
बीएसई सेंसेक्स में शामिल 30 में से 22 कंपनियों के शेयर गिरावट के
साथ बंद हुए। उधर, आरआईएल में गिरावट जारी रही और इसका शेयर 0.08 प्रतिशत टूटकर 1,009.60 रूपए के भाव पर बंद हुआ।
इसके अलावा इन्फोसिस में भी 1.60 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इसका शेयर 2,788.85 रूपए पर बंद हुआ। वहीं हीरो होंडा का शेयर 55.10 रूपए टूटकर 1,815.40 रूपए के भाव पर बंद हुआ।