hindi news

 
शुक्रवार, 12 मार्च, 2010
मोगली का सर्जक
17 जनवरी 2010, 10:29 hrs IST
ईमेल | प्रिंट | कमेंट | टेक्सट  min  max | Bookmark and Share
अगर जन्म के आधार पर नागरिकता मानी जाए, तो मुंबई में जन्मे रूडयार्ड किपलिंग पहले भारतीय थे, जिन्हें 1907 में नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। किपलिंग अंग्रेजी भाषा के पहले लेखक थे, जिन्हें अब तक रिकॅार्ड सबसे कम उम्र यानी 42 वर्ष की आयु में नोबल पुरस्कार मिला। 30 दिसंबर, 1865 को जन्मे किपलिंग के पिता जे.जे. स्कूल ऑफ आट्र्स के प्रारंभिक शिक्षकों में थे। पांच साल की उम्र में किपलिंग को तीन वर्षीय बहन एलिस के साथ पढने के लिए इंग्लैंड भेज दिया गया। छह बरस तक दोनों भाई-बहनों को एक परिवार के बेहद कठोर अनुशासन में रहना पडा। इसके बाद किपलिंग को स्कूल में दाखिल करा दिया गया, जहां की आजाद और खुली हवा में एक रचनाकार के तौर पर किपलिंग में साहित्य के अंकुर फूटे। यहां के अनुभव कई बरस बाद 'स्टॉकी एंड कंपनी' कहानी संग्रह के रूप में प्रकाश में आए। स्कूल के बाद आगे की पढाई के लिए किपलिंग को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में प्रवेश लेना था, लेकिन आर्थिक हालात ने इजाजत नहीं दी। इसलिए पिता ने किपलिंग के लेखन कौशल को देखते हुए हिंदुस्तान में उसके लिए एक नौकरी ढूंढ ली। इस बीच पिता लाहौर चले गए थे, जहां वे मेयो कॉलेज ऑफ आर्ट के प्रिंसिपल और लाहौर म्यूजियम के क्यूरेटर थे। युवा किपलिंग को उन्होंने एक साप्ताहिक अखबार में सहायक संपादक की नौकरी दिला दी।

सत्रह साल से भी कम उम्र में अखबार में काम शुरू करने वाले किपलिंग की 21 साल की आयु में कविताओं की पहली किताब प्रकाशित हुई 'डिपार्टमेंटल डिटटीज'। इसी वर्ष नए संपादक ने किपलिंग को अखबार के लिए कहानियां लिखने के लिए कहा तो युवा किपलिंग की लेखनी चल पडी। अगले साल से गर्मियों की छुटि्टयों में शिमला जाने का सिलसिला शुरू हुआ, तो किपलिंग ने शिमला के जनजीवन और प्रकृति को अपनी कहानियों में बेहद खूबसूरती से चित्रित किया। इस बीच 1887 में उन्हें 'पायोनियर' अखबार में तबादला कर इलाहाबाद भेज दिया गया। 1888 में पहला कहानी संग्रह प्रकाशित हुआ 'प्लेन टेल्स फ्रॉम द हिल्स'। इसके बाद एक बरस में किपलिंग के छह कहानी संग्रह प्रकाशित हुए। विशेष संवाददाता के रूप में किपलिंग को राजपूताना भेजा गया, जहां बूंदी में उन्हें एक उपन्यास का विचार सूझा। इस यात्रा के अनुभव अखबार में तो छपे ही पुस्तकाकार भी प्रकाशित हुए। अगले साल किसी विवाद के कारण किपलिंग को अखबार से छुट्टी दे दी गई। वहां से छह महीने का वेतन अग्रिम मिला और अपनी सात किताबों के अधिकार बेचकर किपलिंग ने एक लेखक के तौर पर जीवनयापन करने का निश्चय किया और लंदन के लिए रवाना हो गए।

लंदन में उन्होंने एक कहानी संग्रह और एक कविता संग्रह लिखा, जिनमें भारतीय जनजीवन और ब्रिटिश सैनिकों के अनुभवों का सजीव चित्रण किया गया है। 1894 में किपलिंग ने अपनी विश्वविख्यात कृति 'जंगल बुक' की रचना की, जो आज भी बाल साहित्य की श्रेणी में अपना महžवपूर्ण स्थान रखती है। इस पर कई फिल्में और धारावाहिक विश्वभर में बने। आज भी यह बच्चों की लोकप्रिय पुस्तक है। किपलिंग ने इसकी सफलता से उत्साहित होकर इसका दूसरा भाग भी लिखा। इसके बाद वे फिर से कहानियां लिखने लगे और 1899 तक तीन कहानी संग्रह प्रकाशित हुए। बूंदी में बैठकर उन्होंने जिस उपन्यास की कल्पना की थी वह 1901 में 'किम' के रूप में सामने आया। अनाथ आइरिश किशोर किम और बौद्ध भिक्षु तेशू लामा की रोमांचक हिमालय यात्रा और दोनों की अपने-अपने स्तर पर आत्म और अस्मिता की खोजयात्रा बेहद रोचक है। यंू तो इस उपन्यास के दीवाने पूरी दुनिया में हैं, लेकिन यह पंडित नेहरू की भी प्रिय पुस्तकों में रही है।
किपलिंग की कल्पनाशीलता इसी से पहचानी जा सकती है कि मोगली जैसे पात्र की रचना उन्होंने अखबार में पढी एक खबर के आधार पर की और उसके इर्द-गिर्द महान बालसाहित्य का सृजन किया। उनके लेखन में ब्रिटिश सैनिकों की पीडा, सैनिक होने का गर्व, पराए देश में परिजनों से दूर रहने का दुख, आम भारतीय इंसान का सहज जीवन और यहां का विविधरंगी परिदृश्य बखूबी देखने को मिलता है। अंग्रेजी साहित्य में भारतीय जनजीवन का जीवंत और प्रामाणिक चित्रण संभवत: पहली बार किपलिंग ने ही किया। 'गंगादीन' जैसे मामूली चरित्र को किपलिंग ने एक कविता से अमरत्व प्रदान कर दिया, जो सैनिकों के लिए महज पानी लाता था। किपलिंग को भारतीय नामों और चीजों से इस कदर लगाव था कि जब अमरीका में उन्होंने अपना घर बनाया तो उसका नाम रखा 'नौलखा'। यह नाम लाहौर किले की नौलखा बारादरी से उन्हें सूझा था। किपलिंग की प्रारंभिक पुस्तकों के कवर पर सौभाग्य और समृद्धि के प्रतीक के रूप में स्वास्तिक और सूंड में कमल पकडे हाथी के चित्र प्रकाशित होते थे, लेकिन कालांतर में जर्मन नाजियों द्वारा स्वास्तिक अपनाए जाने पर अपनी तमाम किताबों से उन्होंने स्वास्तिक हटवा दिए।

किपलिंग की प्रकाशित पुस्तकों की सूची पचास से अधिक है। हालांकि किपलिंग पर ब्रिटिश उपनिवेशवाद का पोषक और समर्थक होने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन उनके प्रशंसकों का कहना है कि उनकी कहानियों और उपन्यासों के पात्र उपनिवेशवादी मानसिकता के हैं और उसी रूप में किपलिंग ने उनका चित्रण किया है। खुद किपलिंग एक सच्चे देशप्रेमी होने के नाते ब्रिटिश राज की भले ही जयगाथा गाते रहे हों, लेकिन उन्होंने कई बार ब्रिटिश राज के दरबारी कवि और नाइट की पदवी को ठुकराया। 18 जनवरी, 1936 को पेप्टिक अल्सर से किपलिंग का देहांत हुआ।

प्रेमचंद गांधी
More Stories
srijan-vishawa news शायरी दिलों को जोडती है
srijan-vishawa news कैसे हो बेहतर तरह से काम
srijan-vishawa news साहित्य को कोई सम्मान नहीं देता
srijan-vishawa news नगीब महफूज
srijan-vishawa news प्रेम कहानी... जिनकी है दुनिया दीवानी
srijan-vishawa news प्रेम की लघु कथाएं
srijan-vishawa news आई लव यू
srijan-vishawa news साहित्य वर्तमान का दस्तावेज
srijan-vishawa news सुख,स्वतंत्रता और देश
srijan-vishawa news विदेशों में भारतीय सांस्कृतिक विरासत
srijan-vishawa news आद्या
srijan-vishawa news प्रेम और वात्सल्य की कवयित्री
srijan-vishawa news कालिदास मेरे रचना आराध्य
srijan-vishawa news शिक्षा और प्रलय के बीच एक रेस
srijan-vishawa news बदनामी
Most Read Stories
News Headlinesनगीब महफूज
News Headlinesशायरी दिलों को जोडती है
News Headlinesसाहित्य को कोई सम्मान नहीं देता
News Headlinesकैसे हो बेहतर तरह से काम